करनाल में युवक अमन की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी कृष को गिरफ्तार किया है। CIA-3 की टीम ने उसे भैनी खुर्द से काबू किया। पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार आरोपी जतिन से पूछताछ के दौरान कृष की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने कृष को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पुलिस एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में ले चुकी है। पुलिस के मुताबिक अमन की हत्या 23 अक्टूबर की शाम को हुई थी। उसके पिता राजकुमार ने 24 अक्टूबर को शिकायत देकर बताया था कि उनका बेटा घर से अपने दोस्त के साथ गया था। बाद में उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। पहले जतिन गिरफ्तार, नाबालिग भी अभिरक्षा में लिया
मामले में कार्रवाई करते हुए CIA-3 करनाल और सदर बाजार चौकी की संयुक्त टीम ने 25 अक्टूबर को आरोपी जतिन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया था। जतिन को अदालत में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में कृष का नाम सामने आया। इसके बाद CIA-3 इंचार्ज निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कृष को भैनी खुर्द से गिरफ्तार कर लिया। 3 दिन के रिमांड पर आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष पुत्र जय भगवान निवासी न्यू बहादुरचंद कॉलोनी करनाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से 3 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में उसकी भूमिका और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाएगी। पुलिस ने युवाओं से की अपील
करनाल पुलिस ने युवाओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे विवादों को हिंसा में बदलने से बचें। किसी भी कहासुनी की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस की मदद लें। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की भी अपील की है।

