फरीदकोट में किसानों का थाना सिटी के बाहर धरना:किसान नेता को हिरासत में लेने पर लगाया जाम; बोले-पुलिस राजनीतिक दबाव में कर रही कार्रवाई

फरीदकोट में किसानों का थाना सिटी के बाहर धरना:किसान नेता को हिरासत में लेने पर लगाया जाम; बोले-पुलिस राजनीतिक दबाव में कर रही कार्रवाई

फरीदकोट में कोटकपूरा के पुराने शहर इलाके में घरेलू वाद विवाद और झगड़े के दौरान किसान नेता एवं पूर्व सैनिक बलविंदर सिंह को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में किसान यूनियन फतेह पंजाब ने थाना सिटी के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर सड़क जाम कर दी। देर रात शुरू हुआ धरना मंगलवार को भी लगातार जारी है। संगठन ने विवाद का समाधान होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक बलविंदर सिंह का अपने एक रिश्तेदार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद रिश्तेदार उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा, जिससे दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। शिकायत मिलने पर थाना सिटी पुलिस बलविंदर सिंह के घर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले आई। परिवार के अनुसार, घर में मृत्यु होने के कारण शोक का माहौल था और अगले दिन फूल चुगने की रस्म होनी थी। परिवार ने पुलिस से आग्रह किया था कि रस्म के बाद बलविंदर सिंह स्वयं थाने में पेश हो जाएंगे, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। इसके विरोध में किसान यूनियन फतेह पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमनदीप सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में किसान नेता थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मांग की कि दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाकर मामले का समाधान किया जाए। संगठन के नेताओं के मुताबिक, पुलिस द्वारा दूसरे पक्ष को बुलाने से इनकार करने के बाद धरना शुरू कर दिया गया। एक नेता के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप इस दौरान बलविंदर सिंह के रिश्तेदार एवं ट्रक यूनियन के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह और किसान नेता अमनदीप सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सत्ताधारी पार्टी के एक नेता के दबाव में कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगा और मामले का समाधान होने तक धरना जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *