मुस्लिम बुजुर्ग से जबरन लगवाए ‘जय श्रीराम’ के नारे
बचाने आए हिंदू युवक को भी पीटा, AIMIM ने कोतवाली घेरकर की कार्रवाई की मांग यूपी के बरेली में नगर निगम गेट के सामने देर रात कुछ शरारती तत्वों ने एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति हाजी पप्पू को घेर लिया। आरोपियों ने उनकी दाढ़ी खींची, धक्का-मुक्की की और जबरन ‘जय श्रीराम’ के धार्मिक नारे लगवाए। बुजुर्ग के साथ हो रही इस बदसलूकी का वीडियो भी सामने आया है। बचाने पहुंचे रिंकू यादव को भी बेरहमी से पीटा
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे रिंकू यादव नाम के युवक ने जब बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हमलावरों ने रिंकू को बुरी तरह पीटा, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। AIMIM नेताओं ने कोतवाली घेरकर की सख्त कार्रवाई की मांग
वारदात की खबर फैलते ही मुस्लिम समुदाय में गहरा आक्रोश फैल गया। AIMIM के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी कार्यकर्ताओं के साथ देर रात कोतवाली पहुंचे और घेराव किया। उन्होंने घायल रिंकू का मेडिकल कराने और खुराफातियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सामने आया वीडियो: सड़क पर बुजुर्ग से नारे लगवाते और भागते दिखे आरोपी
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी पर सवार मुस्लिम बुजुर्ग को कुछ लड़के रोकते और उनसे जबरन ‘जय श्रीराम’ के नारे बुलवाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति साफ तौर पर कहते सुनाई दे रहा है कि ‘ये लड़के चाचा से जबरन नारे लगवा रहे हैं और उन्हें मारा है’। इसके बाद जब पीड़ित युवक रिंकू यादव फोन पर मदद मांगता दिखता है, तभी हमलावर लड़के सड़क पर आगे भागते हुए नजर आते हैं और लोग 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने की बात करते सुनाई देते हैं।

