बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने सोमवार शाम भियाड़ में आयोजित चुनावी सभा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के जिला परिषद वार्ड संख्या 34 के प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्याशी ने पिछले चुनाव में पार्टी का सिंबल जमा नहीं करवाया और फोन बंद कर लिया था। बेनीवाल ने कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने RLP की विचारधारा को अच्छा बताते हुए कहा कि पार्टी को लोगों ने अब तक स्वीकार नहीं किया है। दरअसल, बालोतरा जिले के जिला परिषद वार्ड संख्या 2 से RLP प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने की अफवाह को लेकर सांसद ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नामांकन दाखिल होने और जांच की प्रक्रिया पूरी होने से पहले उसे खारिज किए जाने की बात कहना गलत है। उनके अनुसार, उस समय नामांकन दाखिल ही नहीं हुए थे और पार्टी की ओर से सिंबल भी जारी नहीं किया गया था। बाड़मेर एमपी ने कहा- आरएलपी प्रत्याशी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की बालोतरा के जिला परिषद वार्ड संख्या 2 आरएलपी का पर्चा खारिज करने की अफवाह फैलाई थी। इस पर सांसद ने आरएलपी के जिला संयोजक एवं वार्ड-34 प्रत्याशी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा- नामांकन दाखिल करने से पहले खारिज नहीं होता है। नामांकन की प्रक्रिया होती है। फिर भी अफवाह फैलाने की कोशिश की गई। हमारा नामांकन रद्द कर दिया। अगर नामांकन भरा ही नहीं, पार्टी ने सिंबल जारी किया नहीं, तो कैसे जारी होता। पार्टी को सब पता था उन्होंने अपने हिसाब से सिंबल दिया। दोष किसी और को देने का काम कर रहे है। सांसद ने कहा- चंद पैसो के लिए सिंबल लेकर भाग गया बेनीवाल ने कहा- पिछले चुनाव (पंचायती राज चुनाव) में यही प्रत्याशी वार्ड 34 (जो अभी बालोतरा के वार्ड 2) से खड़ा था। उसको हराने का उसने कितना प्रयास किया। आरएलपी के एक-एक कार्यकर्ता को पता है। जो इंसान डेलीगेट के सिंबल लेकर भाग गया था। चंद पैसो के चक्कर में फोन बंद करके बैठ गया। सिंबल तक जमा नहीं करवाए। यहां के लोगों को सब पता है। पिछली बार मजबूती से चुनाव मजबूती से लड़ना चाह रहे थे। उन सबको पूछ लेना अगर मेरी बात का यकीन नहीं हो तो। हर काम और सिफारिश का शुल्क लेता है, मैं भी भुगतभोगी हूं सांसद ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति हर काम और सिफारिश के बदले शुल्क लेता है। उन्होंने कहा, ‘कोई भी काम करवाना या सिफारिश करवानी होती है तो उसके बदले में कुछ न कुछ करना पड़ता है। मैं भी भुगतभोगी हूं, मुझे भी अच्छी तरह पता है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों से पार्टी को नुकसान पहुंचा है और लोगों को ऐसे व्यक्तियों से सतर्क रहने की जरूरत है। 100-150 पदाधिकारियों को हटाने की बात कही थी सभा में सांसद ने RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- हनुमान बेनीवाल ने मंच से 100 से 150 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हटाने की बात कही थी। उम्मेदाराम बेनीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि उनके हिसाब से सबसे पहला नंबर गजेंद्र सिंह का होना चाहिए। RLP की विचारधारा अच्छी, लेकिन लोगों ने स्वीकार नहीं किया उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि RLP की विचारधारा अच्छी थी और पार्टी ने प्रयास भी किए, लेकिन लोगों ने उसे अब तक स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी अभी भी मेहनत कर रही है और आने वाला समय बताएगा कि इसका क्या परिणाम रहता है। सांसद ने अपने बायतु विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि ऐसे कार्यकर्ताओं की वजह से वह दो बार चुनाव नहीं जीत पाए। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से ऐसे व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की।

