अलीगढ़ में टेंपो में किसान के 91 हजार चोरी:बनियान-पैंट काटकर निकाले रुपए, केस दर्ज

अलीगढ़ में टेंपो में किसान के 91 हजार चोरी:बनियान-पैंट काटकर निकाले रुपए, केस दर्ज

अलीगढ़ में धान बेचकर मिले 91 हजार रुपये लेकर खाद-बीज खरीदने जा रहे किसान के साथ टेंपो में चोरी हो गई। आरोप है कि टेंपो में सवार एक युवक ने किसान की बनियान और पैंट काटकर जेब में रखे रुपये निकाल लिए। सिधौली बंबा से पहले अपोलो अस्पताल के पास युवक टेंपो से उतर गया। कुछ दूर जाने पर किसान को रुपये गायब होने का पता चला। शिकायत पर महुआ खेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अकराबाद क्षेत्र के बालू खेड़ा निवासी मोनू कुमार अपने पिता राजपाल सिंह के साथ धनीपुर मंडी में धान बेचने आए थे। धान बेचने के बाद उन्हें 91 हजार रुपये मिले थे। राजपाल सिंह ने रुपये अपनी शर्ट के नीचे पहनी बनियान की सामने वाली जेब में रख लिए। इसके बाद दोनों खाद और बीज खरीदने के लिए मंडी के सामने से टेंपो में बैठ गए। मोनू के मुताबिक, रास्ते में काली शर्ट पहने और काला बैग लिए एक युवक भी टेंपो में सवार हो गया। दोपहर करीब 2:45 बजे वह सिधौली बंबा से पहले अपोलो अस्पताल के पास उतर गया। उस समय तक पिता-पुत्र को चोरी का पता नहीं चला था। कुछ दूर आगे जाने पर राजपाल सिंह ने जेब देखी तो रुपये गायब मिले। उनकी बनियान और पैंट कटी हुई थीं। पिता-पुत्र ने आसपास रुपये तलाशे, लेकिन नकदी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सोमवार रात मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक बिजेंद्र यादव को सौंपी है। पुलिस टेंपो में सवार यात्रियों और संदिग्ध युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल रुपये बरामद नहीं हुए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *