निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान पर्यवेक्षण में लापरवाही और मतदान केंद्रों के भीतर तथा आसपास उचित नियंत्रण नहीं रखने सहित गंभीर चूक के लिए छह अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि निलंबित अधिकारियों में सेक्टर मजिस्ट्रेट ओपी चक (जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, आगरा), सेक्टर पुलिस अधिकारी हरिशरण सिंह (निरीक्षक, अपराध शाखा) और उपनिरीक्षक संदीप कुमार शामिल हैं। ये तीनों सैयां स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय में मतदान ड्यूटी पर तैनात थे।
बयान के अनुसार, फतेहाबाद स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय में मतदान ड्यूटी पर तैनात तीन अन्य अधिकारियों को भी निलंबित किया गया है, इनमें सेक्टर मजिस्ट्रेट विशाल राठौर (रेंज वन अधिकारी, फतेहाबाद), सेक्टर पुलिस अधिकारी पुरुषोत्तम पाल (अतिरिक्त निरीक्षक, फतेहाबाद) और उपनिरीक्षक सुमित त्यागी शामिल हैं। आयोग ने संबंधित मतदान केंद्रों पर तैनात दो पीठासीन अधिकारियों, तीन मतदान अधिकारियों, पांच हेड कांस्टेबल और 11 कांस्टेबल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए।

