चित्रकूट में भारत रत्न नानाजी देशमुख की 110वीं जयंती पर रविवार को दीनदयाल परिसर में तीन दिवसीय शरदोत्सव का शुभारंभ हुआ। संस्कृति संचालनालय मध्यप्रदेश और दीनदयाल शोध संस्थान के सहयोग से आयोजित उत्सव में संतों व जनप्रतिनिधियों ने नानाजी के चित्र पर पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी और उत्तर प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद शामिल हुए। सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बच्चों ने डांडिया, घूमर, लोकनृत्य और सामूहिक भजन प्रस्तुत किए। टीकमगढ़ के भजन गायक पवन तिवारी ने भजनों से समां बांधा। वहीं भोपाल के बैंड ‘रूट्स: नादात्म’ ने पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत के साथ पेश किया। शरद पूर्णिमा की चांदनी में हजारों लोगों ने खीर का प्रसाद ग्रहण किया। सोमवार को उत्सव में जगन्नाथपुरी की अभिनयना डांस अकादमी की ओर से श्रीकृष्ण बाल लीला और अहमदाबाद की आशा वैष्णव का भक्ति गायन होगा।

