हापुड़: गश्त कर लौट रहे पुलिसकर्मियों की कार फुलडहेरा ड्रेन में गिरी, दारोगा समेत तीन घायल; सिपाही गंभीर, मेरठ रेफर

हापुड़: गश्त कर लौट रहे पुलिसकर्मियों की कार फुलडहेरा ड्रेन में गिरी, दारोगा समेत तीन घायल; सिपाही गंभीर, मेरठ रेफर

हापुड़। गश्त कर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाकर लौट रहे पुलिसकर्मियों की कार रविवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। थाना बहादुरगढ़ के गांव पसवाड़ा में शनिदेव मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर फुलडहेरा ड्रेन में जा गिरी। हादसे में दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सिपाही आरिफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।
निजी कार से गश्त कर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार बहादुरगढ़ चौकी पर तैनात दारोगा विनय कुमार रविवार देर रात सिपाही आरिफ और ललित के साथ निजी कार से गश्त कर लौट रहे थे। तीनों अपनी ड्यूटी पूरी कर वापस आ रहे थे। इसी दौरान पसवाड़ा गांव स्थित शनिदेव मंदिर के पास फुलडहेरा ड्रेन के नजदीक पहुंचते ही उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। इससे पहले कि पुलिसकर्मी संभल पाते, कार सीधे ड्रेन में जा गिरी।
राहगीरों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कार को ड्रेन में गिरा देखा तो मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कार में फंसे तीनों पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में जुट गए। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सिपाही आरिफ को गंभीर चोटें, मेरठ रेफर
हादसे में सिपाही आरिफ को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में उनकी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *