हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 14 में लोगों ने एक फाइनेंस कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किश। माकपा नेता कामरेड शेर सिंह शाक्य ने आरोप लगाया कि फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने माया देवी को धमकाया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। उन्होंने बताया कि महिला के मकान पर यह भी लिख दिया गया कि संपत्ति कंपनी के अधीन है। शाक्य के अनुसार, माया देवी ने कंपनी से 10 साल के लिए लोन लिया था। उनके पति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई, जिससे वे लोन की 2 किस्तें जमा नहीं कर पाईं। आरोप है कि इसके बाद कंपनी के लोग उनके घर पहुंचे और महिला के साथ दुर्व्यवहार किया। कंपनी का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। कंपनी के कार्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी
कामरेड शेर सिंह शाक्य ने कहा कि किसी संपत्ति पर कब्जे की प्रक्रिया कानून के अनुसार ही होनी चाहिए। उन्होंने फाइनेंस कंपनियों के लाइसेंस और कामकाज की जांच की मांग की। वार्ड के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो कंपनी के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। शाक्य ने कहा कि माकपा गरीब परिवारों को बेघर होने से बचाने के लिए संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर फाइनेंस कंपनियों के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान वार्ड पार्षद कामरेड गुरनायब सिंह, रामपाल, अंग्रेज मिस्त्री सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
फाइनेंस कंपनी की ओर से आरोपों पर प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।

