PM Narendra Modi Varanasi Visit: वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय दौरे पर रविवार को वाराणसी पहुंचे। यहां नमो घाट पर आयोजित हो रहे एयर शो में शामिल होने के लिए वह वाराणसी पहुंचे हुए हैं। एयर शो से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद एयर शो में शामिल होंगे। नई औद्योगिक इकाई में करीब 1000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री महिलाओं से संवाद भी करेंगे।
300 महिलाओं से संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष विमान से पहुंचे। यहां से उन्होंने हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद की खोचवां के लिए उड़ान भर दी है। करीब 150 करोड़ रुपए की लागत से 7 एकड़ में स्थापित हो रहे अरविंद लिमिटेड की नई इकाई के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री खोचवां पहुंचे हुए हैं। इस इकाई में अंडरगारमेंट्स, शर्ट शर्ट और लोअर जैसे उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही इस देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी निर्यात करने की योजना है। इस इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवाद करेंगे और उनके अनुभव भी जानेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंच चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां का जायजा भी लिया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, केंद्रीय गृहमंत्री संजय सेठ, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना समेत कई अतिथि भी काशी पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री मिर्जामुराद के बाद सीधे नमो घाट पहुंचेंगे और वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित एयर शो के अंतिम दिन इसमें हिस्सा लेंगे।
नमो घाट पर सुरक्षा कड़ी
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर नमो घाट पर जल, थल और नभ से निगरानी की जा रही है। प्रधानमंत्री पांच स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे नमो घाट के साथ ही आसपास के गंगा घाटों पर पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोर तैनात किए गए हैं। सेना के हेलीकॉप्टर से भी इस आयोजन पर निगरानी की जा रही है। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व एसपीजी ने शनिवार को सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस लाइन से सड़क मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री नमो घाट पहुंचेंगे, इसलिए रास्ते में खुले हुए सभी कट को बैरिकेडिंग के जरिए बंद कर दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अन्य जनपदों से भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

