अलीगढ़ में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) होगी। पहले दिन दोनों पालियों में करीब 20 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए जिले में 39 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों का अलीगढ़ पहुंचना शनिवार देर रात से शुरू हो गया। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। एडीएम सिटी संगीता देवी के मुताबिक, परीक्षा की निगरानी के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। दो पालियों में होगी परीक्षा पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। जिले में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए कुल 1,14,624 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 100 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने हाथरस और अतरौली से 100 अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को घर लौटने में परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय और लंबे रूटों पर बसों की व्यवस्था की गई है। यातायात पर भी रहेगी नजर परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को समय से केंद्र पहुंचने और प्रवेश संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

