सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में गुटखा खिलाने से मना करने पर दो युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। शनिवार रात टिकुरिया टोला स्थित लखन चौराहा पर हुई इस वारदात में साजन प्रजापति (30) के पेट के पास चाकू लगा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से रीवा रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गुटखा खिलाने से मना किया तो किया हमला जानकारी के अनुसार, साजन प्रजापति झाड़ू बनाने वाली कंपनी में काम करता है। शनिवार रात वह लखन चौराहा स्थित पान की दुकान पर गुटखा लेने गया था। इसी दौरान शाहिद खान और बाबू खान वहां पहुंचे। दोनों ने साजन से गुटखा खिलाने को कहा। साजन के मना करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में रीवा रेफर हमले में घायल साजन को परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया गया। घायल ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। पुलिस ने बयान के आधार पर मामला जांच में लेते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

