बरामदे में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या:देवरिया में परिजनों ने पट्टीदारी के युवक समेत कई लोगों पर लगाया आरोप

बरामदे में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या:देवरिया में परिजनों ने पट्टीदारी के युवक समेत कई लोगों पर लगाया आरोप

देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरण गांव में शनिवार रात घर के बाहर बरामदे में सो रहे 21 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने धारदार हथियार और रॉड से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, संदीप पुत्र तेज बहादुर पेंटिंग का काम करता था। शनिवार रात करीब 11 बजे वह घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियार और रॉड से हमला कर दिया। हमले में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पट्टीदारी के युवक पर हत्या का आरोप परिजनों ने पट्टीदारी के एक युवक समेत कुछ अन्य लोगों पर संदीप की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। संदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मां का नाम गुद्दी देवी और पत्नी का नाम मुस्कान है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना पर खुखुंदू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *