आगामी दिवाली पर्व को लेकर बाजारों में उमड़ रही भीड़ के मद्देनजर हिसार पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से एसपी सिद्धांत जैन के निर्देशों पर शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिवाली को लेकर बाजारों के चारों ओर स्पेशल नाके लगाए जाएंगे वहीं चौपहिया वाहनों की एंट्री रोकी जाएगी। इसके लिए नगर निगम के साथ मिलकर ट्रैफिक पुलिस ने प्लानिंग की है। जिले के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मुख्य चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। त्योहार के दौरान चोरी, जेबकतरी, स्नेचिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस की पैदल गश्त के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी जवानों को तैनात किया गया है। खरीदारी के दौरान बरतें ये सावधानियां… बाजारों में कड़ा पहरा: भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख बाजारों में पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। कीमती सामान संभालकर रखें: खरीदारी के समय अपने मोबाइल, पर्स और नकदी का ध्यान रखें। अनजान लोगों पर तुरंत भरोसा न करें। नो-पार्किंग में न खड़े करें वाहन: यातायात को सुचारू रखने के लिए अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। सड़क पर वाहन खड़ा करने पर चालान किया जाएगा। दुकानदार CCTV रखें चालू: पुलिस ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना दें। लावारिस वस्तु को न छुएं: यदि बाजार में कोई लावारिस वस्तु, बैग या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।

