ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र के तोमर कॉलोनी (गुड़ा) में शुक्रवार को नर्सिंग की एक छात्रा पर उसके दोस्त ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। छात्रा ने बचने के लिए पीछे हटने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसके गले को छूते हुए निकल गया। इससे उसके गले पर कट लग गया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी पहले सभी धर्मों को समान मानने की बात कहकर उससे दोस्ती किया था, लेकिन अब उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। साथ ही, वह उसके अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी भी देता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी मिलने पर शुक्रवार शाम सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला, राष्ट्रीय संगठन मंत्री पंकज ठाकुर और उनकी टीम ने माधौगंज थाने के सामने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर अदनान खान, सोफी खान और सरफराज खान के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें अदनान और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। सहेली ने तीन साल पहले अदनान से कराई थी दोस्ती शिवपुरी जिले के करैरा की रहने वाली छात्रा ग्वालियर में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। छात्रा के मुताबिक, करीब तीन साल पहले उसकी एक सहेली ने अदनान खान से दोस्ती कराई थी। उस समय अदनान ने कहा था कि उसे किसी भी धर्म से परेशानी नहीं है और वह सभी धर्मों को समान मानता है। छात्रा का आरोप है कि बाद में अदनान का व्यवहार बदल गया। वह उसके साथ मारपीट करने लगा और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि अदनान उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। कमरे पर पहुंचा, बहस के बाद चाकू से किया हमला शुक्रवार सुबह अदनान अपने मामा के बेटे सरफराज और बहन सोफी के साथ छात्रा के कमरे पर पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर उनके बीच बहस होने लगी। विवाद बढ़ने पर अदनान ने कमरे में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और छात्रा के गले पर वार कर दिया। हमले में उसके गले पर कट लग गया। घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। थाने के सामने प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग घटना के बाद शुक्रवार शाम सनातन सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता माधौगंज थाने पहुंचे। राष्ट्रीय संगठन मंत्री पंकज ठाकुर ने आरोप लगाया कि छात्रा को फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उनके मुताबिक, छात्रा के इनकार करने पर उस पर जानलेवा हमला किया गया। संगठन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए छह प्रमुख मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने तीन आरोपियों पर दर्ज किया केस माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी के मुताबिक, छात्रा पर चाकू से हमले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर अदनान खान, सोफी खान और सरफराज खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अदनान और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया है।

