कानपुर में नकली नोट खपाने वाले BAMS छात्र को नौबस्ता पुलिस ने अरेस्ट किया है। आरोपी की पहचान औरैया, बेला के जोगनीपुरवा निवासी सौमित्र त्रिपाठी के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने 500 के पांच नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी ग्वालियर के एक कालेज से बैचलर आफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) के लास्ट सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा के एक गिरोह के संपर्क में था। गिरोह के मेंबर रेलवे स्टेशन पर उसे नकली नोट देकर चले जाते थे, जिन्हें वह बाजार में सामान खरीदने के बहाने खपाता था। गर्लफ्रेंड से रेप के मामले में जेल गया था नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना पर दासू कुआं के पास घेराबंदी करके आरोपी सौमित्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया कि तीन साल पहले गर्लफ्रेंड से रेप के आरोप में घाटमपुर पुलिस ने उसे जेल भेजा था। करीब 8 माह बाद जेल से बाहर आया था। जेल में ही उसकी मुलाकात नकली नोट खपाने वाले गिरोह के सदस्यों से हुई थी। गिरोह के दो-तीन अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। 50 प्रतिशत कीमत पर लेता था नकली नोट थानाप्रभारी के मुताबिक आरोपी 50 प्रतिशत कीमत पर नकली नोट लेता था। नकली नोट देखने में असली जैसे होते हैं, इसलिए उन्हें आसानी से पहचानना मुश्किल होता है। आरोपी 500 रुपये का नकली नोट देकर करीब 50 रुपये का सामान खरीदता था और बाकी रकम असली रुपये के रूप में वापस ले लेता था। इस तरह वह बाजार में नकली नोट खपाता था।

