झांसी से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन से प्रयागराज और कानपुर के लिए अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इन ट्रेनों का संचालन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा। इसके अलावा 24, 29 और 31 अक्टूबर को झांसी से मथुरा के लिए भी एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे ने अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की है। रेलवे का कहना है कि जरूरत पड़ने पर और भी ट्रेंने चलाई जाएंगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित PET परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रयागराज के लिए दो ट्रेनें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से प्रयागराज के लिए दो अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे रवाना होंगी। इन ट्रेनों का ठहराव महोबा, बांदा, अतर्रा, चित्रकूट धाम कर्वी, मानिकपुर और नैनी स्टेशनों पर होगा। कानपुर के लिए दोपहर और शाम को मिलेगी ट्रेन झांसी से कानपुर सेंट्रल के लिए भी दो अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें आवश्यकता के अनुसार चलाई जाएंगी। इनमें एक ट्रेन दोपहर 1.20 बजे और दूसरी शाम को 6.30 बजे रवाना होगी। रास्ते में उरई, कालपी, पुखरायां, भीमसेन और गोविंदपुरी स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। प्रतापगढ़-चित्रकूट ट्रेन का भी बदलेगा संचालन रेलवे के अनुसार, 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को ट्रेन नंबर 14123 मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़-चित्रकूट का संचालन परीक्षा के समय को ध्यान में रखकर किया जाएगा। यानी यह ट्रेन रास्ते में रोकी जा सकती है या फिर स्टेशन पर आने बाद देरी से चल सकती है। मथुरा के लिए शाम को चलेगी स्पेशल ट्रेन मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 24 और 29 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर को झांसी से मथुरा के लिए एकतरफा स्पेशल ट्रेन भी आवश्यकता के अनुसार चलाई जाएगी। यह ट्रेन झांसी से शाम 7 बजे रवाना होगी। इसका ठहराव दतिया, डबरा, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर और आगरा कैंट स्टेशनों पर होगा। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से यात्रा से पहले संबंधित स्टेशन पर ट्रेन के प्रस्थान समय और ठहराव की पुष्टि करने की अपील की है, ताकि वह समय से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। साथ ही यह भी अपील की गई है कि अभ्यर्थी उचित टिकिट के साथ ही यात्रा करें।

