अलीगढ़ में आज 43,911 मतदाता करेंगे वोटिंग:एमएलसी शिक्षक सीट के लिए 19 और स्नातक सीट के लिए 37 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 से शुरू होगा मतदान

अलीगढ़ में आज 43,911 मतदाता करेंगे वोटिंग:एमएलसी शिक्षक सीट के लिए 19 और स्नातक सीट के लिए 37 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 से शुरू होगा मतदान

आगरा खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होगा। जिले में मतदान को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए 37 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह जिले में कुल 56 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा।
इस चुनाव में भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। अलीगढ़ में मुकाबले पर खास नजर है, क्योंकि स्नातक सीट से भाजपा के वर्तमान एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह गुरुजी इसी जिले के निवासी हैं। आगरा खंड के 12 जिलों में अलीगढ़ में स्नातक मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। ऐसे में भाजपा संगठन का भी यहां चुनाव पर विशेष फोकस है।
13 बूथों पर गड़बड़ी की आशंका, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
चुनाव के बीच स्नातक सीट के निर्दलीय प्रत्याशी अंबरीश पाल सिंह ने गुरुवार को आगरा में निर्वाचन अधिकारी एवं मंडलायुक्त को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने अलीगढ़ के 13 बूथों पर गड़बड़ी की आशंका जताते हुए वहां अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी की मांग की है। शिकायत में इन बूथों को भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के ग्रामीण क्षेत्र और प्रभाव वाले इलाकों से जुड़ा बताया गया है।
शिकायत के बाद इन मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और निगरानी के इंतजाम किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बूथों पर गड़बड़ी की आशंका फिलहाल प्रत्याशी की शिकायत है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
43,911 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार के अनुसार, जिले में 36,864 स्नातक और 7,047 शिक्षक मतदाता हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए रिजर्व कार्मिकों सहित कुल 296 मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशासन का जोर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने पर है। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं। अब प्रत्याशियों की नजर अधिकतम मतदान और अपने पक्ष में वोटों के रुझान पर रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *