देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार शाम भलुअनी ब्लॉक में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन के तहत 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र के मूर्ति विसर्जन स्थलों और पूजा पंडालों में चल रही तैयारियों का भी जायजा लिया। डीएम ने मतदान बूथों पर पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

