छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पंडरिया पुलिस ने कृषि केंद्र में हुई 4 लाख 10 हजार रुपए की चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नंद राम श्रीवास (37), निवासी ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की बची हुई नकदी 1 लाख 49 हजार 80 रुपए, चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के लच्छे और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व लोहे का सब्बल जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3 लाख 2 हजार 80 रुपए बताई गई है। सेंधमारी कर दुकान से उड़ाए थे ₹4.10 लाख पुलिस के मुताबिक, पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र के संचालक अमरीक सिंह सलूजा ने पंडरिया थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 और 15 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात कुकदूर तिराहा के पास स्थित उनकी दुकान में सेंधमारी कर काउंटर की दराज में रखे 4 लाख 10 हजार रुपए चोरी कर लिए गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने ग्राम घोंठा क्षेत्र में रहने वाले नंद राम श्रीवास को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चोरी से जुड़ी सामग्री बरामद की गई। नकदी, चांदी के लच्छे और बाइक जब्त पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी की बची हुई नकदी 1 लाख 49 हजार 80 रुपए और चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के एक जोड़ी लच्छे बरामद किए। चांदी के लच्छों की कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल नीले रंग की बजाज प्लेटिना बाइक, मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया। पुलिस ने वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया पुलिस ने नंद राम श्रीवास को 22 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कबीरधाम जिले की चौकी बैजलपुर में भी चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

