भिंड जिले के प्रसिद्ध दंदरौआ धाम मंदिर परिसर में गुरुवार रात करीब 8 बजे हॉस्टल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय आश्रम के विद्यार्थी मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान अपने कमरे से निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहे किशोर प्रशांत कटारे के पैर में छज्जे से गिरे पत्थर लग गए, जिससे उसे चोट आई है। गनीमत रही कि किशोर को ज्यादा चोट नहीं आई। घटना के बाद मंदिर परिसर में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात दंदरौआ धाम मंदिर परिसर स्थित हॉस्टल का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। उस समय आश्रम के विद्यार्थी मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। किशोर प्रशांत कटारे अपने कमरे से निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तभी यह हादसा हो गया। छज्जे से गिरे पत्थर की चपेट में आने से उसके पैर में चोट लग गई। हालांकि, उसे गंभीर चोट आने की जानकारी नहीं है। अचानक छज्जा गिरने से मची हलचल
हॉस्टल का छज्जा गिरने की आवाज सुनकर परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान उस ओर गया। इसके बाद मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई। छज्जे का कितना हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। छज्जा गिरने का कारण भी फिलहाल सामने नहीं आया है। मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे अधिकारी
एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि दंदरौआ धाम मंदिर परिसर में छज्जा गिरने की जानकारी मिली है। मंदिर के किस हिस्से का छज्जा गिरा है, यह मौके पर पहुंचने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। हादसे में एक किशोर के पैर में चोट आने की जानकारी सामने आई है।

