गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर गुरुवार सुबह पंचर होने के कारण सड़क पर खड़े कैंटर में पीछे से आ रही रोडवेज बस टकरा गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। 22 लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद सभी की छुट्टी कर दी गई। कैंटर में सवार 6-7 लोगों को ज्यादा चोटें पुलिस के मुताबिक, रोडवेज बस हापुड़ की ओर से आ रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे-9 पर पंचर होने के कारण एक कैंटर खड़ा था। पीछे से आई बस उससे टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मसूरी थाना प्रभारी ने बताया कि बस में सवार लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जबकि कैंटर में सवार छह से सात लोगों को अपेक्षाकृत अधिक चोटें लगीं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। किसी की मौत होने की सूचना नहीं है। पुलिस जुटा रही हादसे की जानकारी हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस के अनुसार, कैंटर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ा था। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

