भोपाल के जहांगीराबाद थाना परिसर में गुरुवार दोपहर खड़े पुराने वाहनों में आग लग गई। इसकी चपेट में चार से पांच गाड़ियां आ गईं। घटना दोपहर 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जहांगीराबाद थाना पुलिस के मुताबिक, थाना परिसर के एक तरफ लंबे समय से पुराने वाहन खड़े हैं। पुलिस इन्हें कंडम वाहन बता रही है। आग लगने के बाद मौके पर पहुंचकर उसे बुझाया गया। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि जिस जगह वाहन खड़े रहते हैं, वहां घास-फूस भी पड़ी रहती है। दिन में तेज धूप भी रहती है, लेकिन आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच की जा रही है। आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इसकी शुरुआत किस वाहन से हुई। आग बुझने के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई। आग से वाहनों को कितना नुकसान हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

