बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित नवरात्रि महोत्सव में बदायूं के साधकों ने भाग लिया। गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर की उपस्थिति में आयोजित महोत्सव में साधकों ने ध्यान, मौन साधना और वैदिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस दौरान शतचंडी होम का आयोजन हुआ। महोत्सव के नौ दिनों में लगभग सात लाख लोगों को भोजन परोसने की सेवा की गई। इसमें 67 से अधिक देशों के श्रद्धालु शामिल हुए। मूल सोमनाथ शिवलिंग के 176 पवित्र अवशेषों के दर्शन भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण रहे। बदायूं के साधकों ने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्हें ध्यान, सेवा और आध्यात्मिक जुड़ाव का अनुभव हुआ।

