बिजनौर में नहटौर के जैन विद्या मंदिर प्रांगण में विजयदशमी के अवसर पर रामलीला कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों के खिलौनों और विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार ने कहा कि विजयदशमी असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने की अपील की। विधायक ने आयोजन के लिए भाजपा मंडल अध्यक्ष वैभव गोयल, सिद्धांत जैन, अंकुश अग्रवाल, कपिल शर्मा और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रंजीत जोशी सहित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

