भोपाल में मां दुर्गा के पंडाल के सामने अश्लील गानों पर डांस किए जाने का आरोप लगाते हुए जय मां भवानी हिंदू संगठन ने विरोध जताया है। संगठन के अध्यक्ष भानु हिंदू ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो का हवाला देते हुए धार्मिक आयोजनों की गरिमा पर सवाल उठाए। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर इस तरह की गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। भानु हिंदू ने वीडियो जारी कर कहा कि भोपाल में पिछले कई वर्षों से कुछ धार्मिक आयोजनों में इस तरह की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। उन्होंने शिवरात्रि और भुजरिया के आयोजनों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अब दुर्गा पंडालों के सामने भी अश्लील डांस किया जा रहा है। उनके मुताबिक, वायरल वीडियो में किन्नर समुदाय के कुछ लोग आपत्तिजनक गानों पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि वहां मौजूद लोग इसे देख रहे हैं। किन्नर समुदाय के गुरुओं से की समझाइश की अपील भानु हिंदू ने किन्नर समुदाय के गुरुओं से अपील की कि वे अपने समुदाय के लोगों को धार्मिक आयोजनों में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दें। उन्होंने सवाल उठाया कि इस तरह की गतिविधियां सनातन धर्म के आयोजनों में ही क्यों होती हैं। उन्होंने कहा कि किसी के विरोध नहीं करने का मतलब यह नहीं है कि धार्मिक आयोजनों की मर्यादा का ध्यान न रखा जाए। आयोजन समिति की भूमिका पर भी सवाल संगठन अध्यक्ष ने आयोजन समिति के सदस्यों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि समिति के लोग भी इस तरह के डांस को देख रहे थे। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में परिवार और बच्चे भी शामिल होते हैं, इसलिए आयोजकों को कार्यक्रमों की गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं सामने आने पर संगठन विरोध करेगा। भानु हिंदू ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को बदनाम करने वाली गतिविधियों का विरोध किया जाएगा। उन्होंने वायरल वीडियो में नजर आ रहे लोगों के सामाजिक बहिष्कार की अपील भी की। हालांकि, वीडियो किस स्थान और किस आयोजन का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित आयोजन समिति और वीडियो में नजर आ रहे लोगों का पक्ष भी सामने नहीं आया है।

