धौलपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। इसकी चपेट में आने से स्कूटी सवार एक युवक कटी हुई फसल के नीचे दब गया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। गडरपुरा निवासी गौरव पुत्र महावीर अपनी स्कूटी से हॉस्पिटल रोड से जेल रोड की ओर जा रहा था। तभी पास से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक बेकाबू होकर पलट गई। ट्रॉली में कटी हुई करब की फसल भरी थी।
ट्रॉली पलटने से गौरव अपनी स्कूटी सहित फसल के नीचे दब गया। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत युवक को बाहर निकाला। उसकी स्कूटी भी फसल के नीचे दब गई थी, जिसे बाद में निकाला गया।
पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

