हांसी में मायके में रह रही पत्नी को वापस लाने और पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत में विवाद बढ़ गया। हांसी की इंदिरा कॉलोनी निवासी रौनक ने अपनी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर गंडासे और लोहे की पाइप से हमला करने, उसकी मां के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, रौनक की शादी 2025 में करीना के साथ हुई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि जून 2026 के आसपास दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई। आरोप है कि कई बार प्रयास करने के बावजूद वह ससुराल वापस नहीं आई। इसके बाद पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाने का निर्णय लिया गया। पंचायत में बढ़ा विवाद, हमले का आरोप शिकायतकर्ता रौनक के मुताबिक, 19 अक्टूबर को हुडा सेक्टर-5 में पंचायत बुलाई गई थी। इसमें दोनों पक्षों के परिजन और अन्य लोग मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। रौनक ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने गंडासे और लोहे की पाइप से उस पर हमला किया। इस दौरान उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई। रौनक के अनुसार, घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई और घायल मां को हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसने आरोपियों पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। मौके से चाकू मिला, सीसीटीवी फुटेज की जांच रौनक ने पुलिस से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में अनाज मंडी चौकी इंचार्ज पीएसआई अनिल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। मामले की सच्चाई जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है। चाकू किसने फेंका और उसका घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

