पंजाब और चंडीगढ़ में मंगलवार, 20 अक्टूबर को मौसम ड्राई रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। यह अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। सोमवार को बठिंडा में सबसे अधिक 33.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत में दिन के समय गर्मी बनी हुई है, जबकि सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट आने से ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, लेकिन कोई चेतावनी नहीं हिमाचल प्रदेश और उससे सटे पंजाब के ऊपर करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके साथ वायुमंडल के ऊपरी हिस्से में करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर भी हवा का एक क्षेत्र बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ के लिए 20 से 26 अक्टूबर तक कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। फिलहाल तेज बारिश, आंधी या ओलावृष्टि को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। ठंड बढ़ने से बिजली की मांग में कमी सुबह के समय मौसम ठंडा होने से पंजाब में बिजली की खपत भी कम होने लगी है। पहले राज्य में बिजली की मांग 13 से 15 हजार मेगावाट तक पहुंच रही थी, लेकिन अब यह घटकर करीब 7 हजार मेगावाट रह गई है। मंगलवार सुबह बिजली की मांग 6,992 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में 4,521 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था, जबकि बाहर से 2,462 मेगावाट बिजली ली जा रही थी।

