आगर मालवा में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार रात तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक भी देखने को मिली। रुक-रुककर हुई इस बारिश से मौसम में ठंडक आ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले में इस साल अब तक कुल 41.25 इंच बारिश हुई है। यह जिले की औसत वार्षिक बारिश 35.43 इंच से करीब 16 इंच ज्यादा है। तहसीलवार आंकड़ों में नलखेड़ा में सबसे ज्यादा 47.56 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि कई खेतों में सोयाबीन की कटी फसल रखी हुई है। ऐसे में फसल के भीगने और खराब होने का डर है। हालांकि, जिन क्षेत्रों में अगली फसल की बुआई हो चुकी है, वहां यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। तेज हवा के कारण 11 केवी लाइन पर पेड़ की एक बड़ी टहनी गिरने से पोल झुक गया। इसकी वजह से शहर के छावनी सहित कुछ क्षेत्रों में करीब 2 घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। मौसम में आए बदलाव के चलते आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ सकता है।

