कासगंज शहर में श्री रामलीला कमेटी ने रविवार शाम प्रभु पार्क में रामलीला का आयोजन किया। इसमें भगवान श्रीराम और हनुमान जी के मिलन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके बाद श्रीराम-सुग्रीव की दोस्ती, बाली का उद्धार और हनुमान जी के लंका जाने की लीला का मंचन हुआ। हनुमान जी द्वारा सुरसा वध और सोने की लंका दहन का दृश्य खास रहा। देखें, 3 तस्वीरें… लंका दहन देखने के लिए प्रभु पार्क मैदान में करीब दो से तीन हजार दर्शक जमा हुए। पूरा परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक उत्साह से भरा था।
सुरक्षा के लिए कोतवाली कासगंज पुलिस तैनात रही। पुलिस ने ड्रोन कैमरे से पूरे कार्यक्रम की निगरानी की। लंका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रामलीला का मंचन वृंदावन के भावेश भारद्वाज के निर्देशन में हुआ। कमेटी के अध्यक्ष गोपाल मराठा और महामंत्री अरविंद वार्ष्णेय समेत अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे थे।

