आजमगढ़ जिले के निजामाबाद कस्बे के समीप भैरोपुर गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही माता रानी के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर 1 बजे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त घंटों लाइन में खड़े होकर मां शीतला के दर्शन कर रहे थे। मंदिर के पुजारी अशोक माली ने बताया कि नवरात्र की अष्टमी पर मां शीतला का महागौरी स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। नवरात्र की परंपरा के अनुसार मंदिर में नौ दिनों तक माता रानी को अलग-अलग स्वरूपों में सजाया जाता है। माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया मंदिर परिसर
नवरात्र मेले के चलते मंदिर परिसर में सैकड़ों दुकानें सजाई गई हैं। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। वहीं, निजामाबाद कस्बे के श्रद्धालुओं की ओर से सुबह और शाम भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मुख्य गायक कलाकारों ने देवी भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति गीतों से पूरा धाम गूंज उठा। अष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की वर्दी में तथा सादे कपड़ों में तैनाती की गई। बड़ी संख्या में भक्ति माता के दर्शनों के लिए दूर-दूर से आए।

