Sindoor Khela पर चाहिए परफेक्ट बंगाली लुक? साड़ी, ज्वेलरी और मेकअप के इन आइडियाज से लें इंस्पिरेशन

Sindoor Khela पर चाहिए परफेक्ट बंगाली लुक? साड़ी, ज्वेलरी और मेकअप के इन आइडियाज से लें इंस्पिरेशन

Sindoor Khela Saree Look: दुर्गा पूजा का आखिरी दिन बंगाल में काफी खास होता है। इस दिन मां दुर्गा को विदाई देने से पहले सिंदूर खेला की रस्म निभाई जाती है। इसमें महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर और मिठाई चढ़ाती हैं। इसके बाद एक-दूसरे के माथे और गालों पर सिंदूर लगाती हैं। इस रस्म को सुख-समृद्धि, खुशहाली और आपसी प्यार से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में अगर आप भी इस बार सिंदूर खेला के लिए बंगाली लुक में तैयार होना चाहती हैं, तो यहां बताए गए साड़ी, ब्लाउज, जूलरी और मेकअप से जुड़े टिप्स फॉलो करके तैयार हो सकती हैं।

सिंदूर खेला के लिए चुनें ट्रेडिशनल साड़ी

सिंदूर खेला के लिए लाल बॉर्डर वाली सफेद या ऑफ-व्हाइट साड़ी सबसे अच्छा ऑप्शन है। बंगाली स्टाइल में इसे लाल पार सादा साड़ी कहा जाता है। सफेद साड़ी पर चौड़ा लाल बॉर्डर इसे ट्रेडिशनल लुक देता है। इसके लिए आप अपनी पसंद के अनुसार कॉटन, तांत, खादी कॉटन या मुलमुल फैब्रिक की साड़ी चुन सकती हैं। ये साड़ियां हल्की होती हैं और पूजा के दौरान पहनने में भी आरामदायक रहती हैं।

अगर आप थोड़ा हैवी लुक चाहती हैं, तो लाल बॉर्डर वाली बनारसी सिल्क साड़ी पहन सकती हैं। अगर आपको साड़ी पहनने में ज्यादा समय नहीं लगाना है, तो प्री-ड्रेप्ड साड़ी भी अच्छा ऑप्शन है।

लाल या मैरून ब्लाउज से पाएं खूबसूरत बंगाली लुक

साड़ी के साथ सही ब्लाउज पहनना भी जरूरी है। सफेद साड़ी के साथ लाल या मैरून ब्लाउज सबसे अच्छा लगता है। आप हाफ स्लीव या एल्बो स्लीव वाला ब्लाउज पहन सकती हैं। अगर आपको थोड़ा अलग लुक पसंद है, तो पफ स्लीव, बोट नेक या डीप बैक डिजाइन वाला ब्लाउज ट्राई करें। इसके अलावा, कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो सफेद साड़ी के साथ ब्लैक स्लीवलेस या कैप-स्लीव ब्लाउज भी पहन सकती हैं। इससे ट्रेडिशनल लुक में मॉडर्न टच मिलेगा।

शांखा-पोला चूड़ियों से पूरा करें ट्रेडिशनल लुक

बंगाली लुक में चूड़ियों का भी खास रोल होता है। लाल और सफेद रंग की पारंपरिक चूड़ियों को शांखा-पोला कहा जाता है। इन्हें पहनने से ट्रेडिशनल लुक मिलता है। आप इनके साथ गोल्डन चूड़ियां या कंगन भी पहन सकती हैं। अगर आपके पास शांखा-पोला नहीं हैं, तो लाल कांच की चूड़ियां भी अच्छा ऑप्शन हैं।

गोल्डन झुमके और नेकलेस से बढ़ाएं लुक की खूबसूरती

सिंदूर खेला के लिए गोल्डन झुमके, चोकर और लंबे नेकलेस भी अच्छे लगते हैं। अगर आपको हैवी जूलरी पहनना पसंद है, तो गोल्डन नेकलेस के साथ बड़े झुमके पहन सकती हैं। वहीं, सिंपल लुक के लिए छोटे झुमके और पतली चेन काफी हैं।

लाल बिंदी, सिंदूर और आलता से पाएं परफेक्ट बंगाली लुक

बंगाली लुक को पूरा करने के लिए माथे पर लाल बिंदी लगाएं और आंखों में काजल लगाकर मेकअप को सिंपल रखें। हल्की लिपस्टिक या लाल लिप कलर के साथ हाथों और पैरों पर लाल आलता लगाकर लुक पूरा करें। बालों के लिए आप लो बन या सॉफ्ट चोटी बना सकती हैं। बन में गजरा लगाने से लुक और भी अच्छा लगेगा। अगर आपको बाल खुले रखना पसंद है, तो हल्के कर्ल्स कर सकती हैं। इस तरह आप अपनी पसंद के हिसाब से सिंपल या ट्रेडिशनल बंगाली लुक में तैयार हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *