महोबा में विसर्जन रूट का ड्रोन से सर्वे:कीरत सागर पर तैनात रहेंगे 24 गोताखोर; लाइटें-बैरिकेडिंग-CCTV दुरुस्त करने के निर्देश

महोबा में विसर्जन रूट का ड्रोन से सर्वे:कीरत सागर पर तैनात रहेंगे 24 गोताखोर; लाइटें-बैरिकेडिंग-CCTV दुरुस्त करने के निर्देश

महोबा में शारदीय नवरात्र पर सुरक्षा और मूर्ति विसर्जन की तैयारियों को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। डीएम प्रभास कुमार और एसपी शशांक सिंह ने शनिवार शाम 7 बजे आल्हा चौक से उदल चौक होते हुए कीरत सागर विसर्जन स्थल तक पैदल भ्रमण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जरूरी सुधार के निर्देश दिए। देवी पंडालों और विसर्जन रूट का निरीक्षण डीएम और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ आल्हा चौक, उदल चौक, सुभाष चौक और मलकपुरा का भ्रमण किया। इस दौरान देवी पंडालों और मूर्ति विसर्जन मार्ग का निरीक्षण किया गया। ड्रोन कैमरों से रूट का सर्वे भी कराया गया, ताकि बिजली के तारों और सड़क से जुड़ी कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। कीरत सागर पर लाइटें और बैरिकेडिंग मजबूत करने के निर्देश अधिकारियों ने कीरत सागर पहुंचकर विसर्जन स्थल की तैयारियां देखीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त लाइटें, मजबूत बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। डीएम प्रभास कुमार ने बताया कि विसर्जन के निर्धारित रूट और कीरत सागर का निरीक्षण किया गया है। जहां रोशनी कम थी या बैरिकेडिंग की जरूरत थी, वहां सुधार के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन के दौरान करीब दो दर्जन प्रमाणित गोताखोर आईडी कार्ड के साथ नावों और जरूरी संसाधनों के साथ तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर नजर एसपी शशांक सिंह ने कहा कि जिले में पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। फ्लैग मार्च और संवाद के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *