धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में दीपावली से पहले अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने का मामला सामने आया है। राजगढ़ थाना पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन स्थित एक होटल के कमरे में छिपाकर रखे गए 9 क्विंटल पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। होटल में पटाखों के भंडारण के लिए न तो वैध लाइसेंस मिला और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजगढ़ थाना क्षेत्र में फोरलेन स्थित एक होटल के कमरे में भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं और उन्हें बेचने की तैयारी है। सूचना पर थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल के एक कमरे से पटाखों के 50 कार्टन बॉक्स मिले, जिनमें करीब 9 क्विंटल पटाखे रखे हुए थे। आग से बचाव के इंतजाम तक नहीं पुलिस ने होटल संचालक विकास सोलंकी (30), पिता मोहनलाल सोलंकी, से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस व दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि होटल के कमरे में पटाखे रखने के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी नहीं किए गए थे। आग बुझाने के लिए न तो अग्निशमन यंत्र था और न ही पानी या रेत की व्यवस्था थी। ऐसे में किसी दुर्घटना की स्थिति में होटल और आसपास के क्षेत्र में बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज पुलिस ने मौके से सभी पटाखे जब्त कर लिए हैं। होटल संचालक विकास सोलंकी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लायरों के संबंध में भी जांच कर रही है।

