बरेली में मुथूट माइक्रोफिन कंपनी के ग्राहकों से किस्त और लोन बंद कराने के नाम पर वसूली कर रकम हड़पने के आरोप में एरिया मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने 38 ग्राहकों के 40 लोन खातों से करीब 6.96 लाख रुपये वसूले थे। इसमें से सिर्फ 1.64 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा किए। बाकी 5.31 लाख रुपये अपने पास रख लिए। कोतवाली पुलिस ने आरोपी नेपाल सिंह (25) को मुरादाबाद के मूंढापांडे क्षेत्र स्थित उसके गांव दोलारी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 40 लोन खातों से वसूले 6.95 लाख रुपये कंपनी के डिविजनल मैनेजर सोनू कुमार ने 24 जून 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि एरिया मैनेजर नेपाल सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग कर ग्राहकों से रकम वसूली, लेकिन पूरी राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की। जांच के मुताबिक, आरोपी ने 3 नवंबर 2024 से 5 जनवरी 2026 के बीच 38 ग्राहकों के 40 लोन खातों से कुल 6,95,960 रुपये वसूले। इसमें से 1,64,223 रुपये ही कंपनी के बैंक खाते में जमा किए। बाकी 5,31,737 रुपये का हिसाब नहीं मिला। निजी खर्चों के लिए रख ली रकम एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, नेपाल सिंह ने बताया कि वह ग्राहकों से किस्तें वसूलता था, लेकिन अपने निजी खर्च पूरे करने के लिए बाकी रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कराता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

