भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिकों के लिए योजना का स्वागत किया, लेकिन स्वास्थ्य देखभाल और कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त धन आवंटित करने सहित इन्हें ठीक ढंग से लागू करने की मांग की। मंगलवार को केरलम देश का पहला ऐसा राज्य बन गया, जिसने वरिष्ठ नागरिकों को दुर्व्यवहार से बचाने के उद्देश्य से विधानसभा में एक व्यापक विधेयक पेश किया है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को दुर्व्यवहार और शोषण से बचाना, बुजुर्गों की देखभाल करने वाले केंद्रों को विनियमित करना, और उनके लिए स्वास्थ्य सेवा तथा सामाजिक सुरक्षा तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना है।
चंद्रशेखर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि युवा पीढ़ी बेहतर शिक्षा, रोजगार और सुरक्षित भविष्य की तलाश में राज्य छोड़ने को मजबूर है। इसके कारण बुजुर्ग माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक अकेले और असुरक्षित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य देखभाल व्यवस्था की खराब स्थिति से यह समस्या और गंभीर हो गई है।
उन्होंने कहा कि बिजली कटौती और दवाओं की कमी से वरिष्ठ नागरिकों और मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आपने विधेयक पारित करने का आसान काम पूरा कर लिया है, लेकिन अब असली चुनौती स्वास्थ्य बीमा, कल्याणकारी योजनाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल व्यवस्था के लिए जरूरी धन जुटाने की है।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा इस बात पर करीबी नजर रखेगी कि सरकार लोगों से किए गए वादों को पूरा करती है या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार अब तक अपने किए किसी भी वादे को पूरा करने में विफल रही है।
हमें उम्मीद है कि कम से कम वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए आप केवल वादे करने से आगे बढ़ेंगे और ठोस कार्रवाई करके दिखाएंगे।’’

