पंजाब के तीन जिलों में आज (16 अक्टूबर) पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में आज कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि चंडीगढ़ के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक बारिश और ओले गिरने से तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य से 5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। बठिंडा और चंडीगढ़ में सबसे कम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ हुआ एक्टिव पंजाब और चंडीगढ़ के ऊपर 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका असर उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। वहीं, दक्षिण हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। बिजली की मांग 6717 मेगावाट पर पहुंची पंजाब में मौसम ठंडा होने से बिजली की मांग में कमी आई है। राज्य में बिजली की मांग 6717 मेगावाट दर्ज की गई। पंजाब ने अपने तय कोटे से 90 मेगावाट कम बिजली ली। राज्य में बिजली का कुल उत्पादन 4191 मेगावाट रहा। आने वाले सप्ताह यानी 23 अक्टूबर तक ऐसा रहेगा मौसम बारिश की संभावना कम: मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, पंजाब में सप्ताह के दौरान किसी खास बारिश की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 30 से 34 डिग्री के बीच: पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली और पटियाला में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रह सकता है। बाकी हिस्सों में यह 32 से 34 डिग्री रहने की संभावना है। दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक रह सकता है। रात का तापमान 12 से 18 डिग्री तक: पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री, नवांशहर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और रूपनगर में 14 से 16 डिग्री और बाकी हिस्सों में 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। उत्तरी पंजाब में रात का तापमान सामान्य के आसपास, जबकि बाकी हिस्सों में सामान्य से अधिक रह सकता है।

