रायसेन में शारदीय नवरात्रि पर मां दुर्गा और काली के पंडालों में धार्मिक आयोजन चल रहे हैं। शहर में 6 जगहों पर 12 से 18 फीट ऊंची मां काली की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो श्रद्धालुओं का आकर्षण हैं। गंज बाजार के 62 साल पुराने पंडाल में बड़ी महाकाली की गुरुवार को महाआरती हुई। इसमें पूर्व मंत्री व सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी भी शामिल हुए। समिति ने यहां 15 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई है। यह झांकी 1964 से आस्था का केंद्र है। वार्ड 12 के यशवंत नगर और रामलीला मैदान की मां काली झांकी में भी महाआरती हुई। श्रद्धालु दीपों की थालियां लेकर पहुंचे और आरती की। पूरा इलाका जयकारों से गूंज उठा। गंज बाजार के अलावा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, गोपालपुर, और पटेल नगर सहित कई जगहों पर भी मां काली की प्रतिमाएं हैं। आकर्षक सजावट और बड़े पंडालों में भक्त दर्शन को पहुंच रहे हैं, शहर में भक्ति का माहौल है।

