वाराणसी के 91 यूपी बटालियन एनसीसी के 12 दिवसीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ शिविर के तीसरे दिन कैडेट्स को योगाभ्यास, संचार कौशल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया। स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में आयोजित शिविर में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के करीब 600 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट एमएस यादव ने कैडेट्स को योगाभ्यास कराया। कैंप कमांडेंट कर्नल सुखवीर पुनिया ने कहा कि ऐसे शिविर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी चंद्रशेखर ग्वाड़ी ने कैडेट्स को प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के टिप्स दिए। शिविर में शामिल करीब 90 प्रतिशत कैडेट पहली बार काशी आए हैं। वे यहां की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक विशेषताओं को जानने के लिए उत्साहित हैं।

