एक किसान की सरसों की बोली पहले लगाई, लोग भड़के:मंडी में व्यापारी को दौड़ा-दौड़ा लात-घूंसे मारे, सबलगढ़ में आरोपियों पर FIR

एक किसान की सरसों की बोली पहले लगाई, लोग भड़के:मंडी में व्यापारी को दौड़ा-दौड़ा लात-घूंसे मारे, सबलगढ़ में आरोपियों पर FIR

मुरैना जिले के सबलगढ़ स्थित कृषि उपज मंडी में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरसों की बोली का क्रम तोड़ने को लेकर दो किसानों ने एक व्यापारी पर हमला कर दिया। गुस्से में आए किसानों ने व्यापारी को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों और बेल्ट से जमकर पीटा। इस दौरान पीड़ित व्यापारी ने मंडी परिसर में भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद मंडी में भगदड़ और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। क्रम से पहले बोली लगवाने पर भड़का विवाद घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे सुनहरा रोड स्थित कृषि उपज मंडी की है, जहां सरसों की नीलामी की प्रक्रिया चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और व्यापारियों के अनुसार, व्यापारी संजय गुप्ता (45) ने एक किसान की सरसों की बोली पहले लगाए जाने पर वहां मौजूद अन्य किसान भड़क गए। किसानों का आरोप था कि व्यापारी अपनी मर्जी से क्रम तोड़कर बोलियां लगाते हैं। बहस इतनी बढ़ गई कि दो किसानों, भगवान सिंह (निवासी बधरेटा) और विक्की रावत (निवासी बततोखर) ने व्यापारी संजय गुप्ता और उनके भतीजे शुभम गुप्ता को गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर दोनों हमलावर हो गए और व्यापारी संजय गुप्ता को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। व्यापारी ने भागकर बचाई जान, 2 घंटे ठप रहा काम अचानक हुए हमले से घबराए व्यापारी संजय गुप्ता मंडी परिसर में इधर-उधर भागकर जान बचाते नजर आए। किसानों के गुस्से को देख आसपास मौजूद अन्य व्यापारी और राहगीर भी सहम गए। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई और करीब दो घंटे तक मंडी का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। मंडी प्रशासन ने किसानों को समझाया, इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और नीलामी दोबारा शुरू हो सकी। पुलिस ने दर्ज की एफआईआर सबलगढ़ थाना प्रभारी पंकज मुद्गल ने बताया कि पीड़ित व्यापारी संजय गुप्ता की शिकायत पर आरोपी किसानों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घायल व्यापारी का मेडिकल कराया गया है। भगवान सिंह रावत पुत्र शिवचरण रावत निवासी बधरैटा सबलगढ़ और विक्की रावत पुत्र राम लखन रावत निवासी बततोखर सबलगढ़ पर केस दर्ज किया गया है। व्यापारी बंद रख रहे थे मंडी, पुलिस के आश्वासन पर माने घटना से नाराज व्यापार मंडल ने पहले मंडी बंद करने की चेतावनी देते हुए ज्ञापन तैयार कर लिया था। हालांकि, पुलिस प्रशासन के 2 दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें मंडी में पेश करने के ठोस आश्वासन के बाद व्यापार मंडल ने ज्ञापन फिलहाल वापस ले लिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *