अंबेडकरनगर में जलालपुर से सपा विधायक राकेश पांडेय फिलहाल समाजवादी पार्टी में ही बने रहेंगे। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। उनकी तबीयत खराब है। वह भाजपा में शामिल होने के लिए आयोजित कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। विधायक के रिश्ते में साले अशोक पांडेय ने इसकी जानकारी दी। क्रॉस वोटिंग के बाद लगाई जा रही थीं अटकलें राकेश पांडेय का नाम उन विधायकों में शामिल रहा है, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा के पक्ष से अलग रुख अपनाया था। क्रॉस वोटिंग के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। सपा के बागी विधायक अभय सिंह और राकेश सिंह के 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने की चर्चा के बीच राकेश पांडेय के भी पाला बदलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। फिलहाल उनकी खराब तबीयत के चलते भाजपा में शामिल होने की बात सामने नहीं आ रही है। पिता सपा में, बेटा भाजपा से जुड़ा राकेश पांडेय के बेटे रितेश पांडेय पूर्व सांसद रह चुके हैं और मौजूदा समय में भाजपा से जुड़े हैं। ऐसे में पिता का सपा में विधायक बने रहना और बेटे का भाजपा से जुड़ाव जिले की राजनीति में चर्चा का विषय रहा है। आगे के फैसले पर नजर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद राकेश पांडेय के राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। फिलहाल वह सपा में ही बने रहेंगे। आगे उनकी राजनीतिक रणनीति क्या होगी, यह उनके स्वास्थ्य और भविष्य के फैसलों पर निर्भर करेगा।

