Udaipur Police : उदयपुर पुलिस की मिली बड़ी सफलता, 15 हजार का इनामी गिरफ्तार, जानें ‘बल्ली’ के कारनामे

Udaipur Police : उदयपुर पुलिस की मिली बड़ी सफलता, 15 हजार का इनामी गिरफ्तार, जानें ‘बल्ली’ के कारनामे

Udaipur Police : उदयपुर. पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलना और बातचीत के लिए वाईफाई डोंगल के जरिए व्हाट्सऐप कॉल करना। उदयपुर में अवैध हथियार और कारतूस सप्लाई के मामले में वांछित सलमान खान उर्फ बल्ली गिरफ्तारी से बचने के लिए ऐसे तरीके अपना रहा था। हत्या के प्रयास, हथियार सप्लाई और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े 12 प्रकरणों में नामजद बल्ली (26 वर्ष) को आखिरकार पुलिस ने नीमच-निम्बाहेड़ा बॉर्डर से दबोच लिया। उस पर 15 हजार का इनाम घोषित था।

एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर गठित एक्सक्लूसिव डिटेक्टिव आर्म्स फोर्स और गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि कच्ची बस्ती निम्बाहेड़ा चित्तौड़गढ़ निवासी बल्ली को गिरफ्तार किया गया है। वह उदयपुर सहित चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व मध्यप्रदेश के नीमच क्षेत्र में विभिन्न मामलों में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नीमच और गुजरात समेत अलग-अलग जगहों पर फरारी काट रहा था। बल्ली से पूछताछ में हथियारों और कारतूसों की सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों तथा नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पूछताछ में सामने आया नाम

एक्सक्लूसिव डिटेक्टिव आर्म्स फोर्स प्रभारी रतन सिंह व गोवर्धनविलास थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि मामले की कड़ी 2 अप्रेल को दर्ज गोवर्धनविलास थाने के केस से जुड़ी है। मामले में पहले गिरफ्तार हुए नवाजिस खान के कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुए थे। नवाजिस ने हथियार सलमान उर्फ बल्ली से लेना बताया। इसके बाद पुलिस ने बल्ली की तलाश तेज की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। टीम ने नीमच से निम्बाहेड़ा की ओर आते समय उसे पकड़ लिया।

चार टीमों के जरिए तस्करों पर शिकंजा

जिले में फायरिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध हथियारों व मादक पदार्थों की सप्लाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष आर्म्स फोर्स बनाई गई है। इसकी टीमें नीमच, मंदसौर, निम्बाहेड़ा और प्रतापगढ़ जैसे क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों का पीछा कर रही हैं। आरोप है कि इन क्षेत्रों से अपराधी उदयपुर आकर हथियार और ड्रग्स सप्लाई करने के बाद लौट जाते थे।

अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

अभियान के तहत अब तक एनडीपीएस मामलों में वांछित 11 आरोपियों को राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात से गिरफ्तार किया गया। अवैध हथियारों के मामलों में 11 वांछित आरोपियों को पकड़ा गया। इसके अलावा चार इनामी बदमाशों और हथियार, कारतूस व मादक पदार्थों की सप्लाई सहित हत्या, लूट व डकैती के मामलों में वांछित 13 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। टीम ने 8 थानों में वांटेड 12500 रुपए का इनामी बदमाश साहिल अली उर्फ सहजाद अली को भी दबोचा, जो चोरी, डकैती, जानलेवा हमले व हथियार-ड्रग्स की तस्करी में लिप्त था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *