श्वानों की बढ़ती संख्या बनी चिंता
शहर में आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या और लोगों, विशेषकर बच्चों पर हमले की घटनाएं चिंता का विषय हैं। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि कुछ पशु प्रेमी विरोध के बावजूद सड़कों के किनारे श्वानों को भोजन कराते हैं। भोजन या मांस लेकर आने के दौरान कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। श्वानों के काटने की कुछ घटनाओं में पीड़ितों के पास भोजन की थैलियां होने की बात भी सामने आई है। नगर निगम की ओर से श्वानों की नसबंदी का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अधिकारियों के अनुसार इससे अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। शहर में आवारा श्वानों की संख्या को लेकर अलग-अलग अनुमान हैं। कुछ अनुमानों में इनकी संख्या 25 हजार से अधिक बताई गई है, जबकि आधिकारिक आंकड़े इससे कम हैं।
सभी पक्षों के सहयोग पर जोर
महापौर प्रीति कामकर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के पास हर दिन आवारा श्वानों और उनके काटने की घटनाओं से जुड़ी शिकायतें आती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करना होगा। उपमहापौर हनमंत कोंगाली ने कहा कि श्वानों के हमलों को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ रहा है। शहर में घायल आवारा श्वानों के उपचार के लिए देखभाल केंद्र और आक्रामक श्वानों को अलग रखने के लिए पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं हैं। उन्होंने श्वानों की नसबंदी के उपायों के अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने की बात कही। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के शिमला का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां करीब पांच हजार आवारा श्वान हैं, जबकि बेलगावी में इनकी संख्या 18 हजार से अधिक बताई जाती है।
एसओपी में शामिल होंगे जरूरी दिशा-निर्देश
नगर निगम आयुक्त कार्तिक ने कहा कि एसओपी तैयार करने से पहले पशु प्रेमियों, गैर सरकारी संगठनों और संबंधित अधिकारियों से सुझाव लिए गए हैं। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी पक्षों के बीच समन्वय जरूरी है। नगर निगम के पर्यावरण अभियंता हनमंत कलदगी ने बताया कि फिलहाल 26 स्थानों की पहचान की गई है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने पशु प्रेमियों से अपील की कि वे श्वानों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही भोजन कराएं और वहां लगाए गए सूचना पट्टों पर दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
इन स्थानों पर खिला सकेंगे भोजन
नगर निगम की ओर से निर्धारित स्थानों में सुनील निवास भवन, भाग्यनगर का छठा क्रॉस, आजम नगर से मार्केट यार्ड बस स्टैंड तक का क्षेत्र, स्वामी विवेकानंद कॉलोनी, होटल पंचामृत के पीछे, तिलकवाड़ी, भाग्यनगर का सातवां क्रॉस, कृषि कॉलोनी, अंगोल, काटा मैदान के पास, पुराना पीबी रोड, महिंद्रा शोरूम के पास, भारत पेट्रोलियम, स्वागत होटल, ओम नगर, रिलायंस मॉल के पास शिवबसवनगर, ताज गार्डन और आरटीसी सर्कल शामिल हैं। इसके अलावा शिवबसवनगर सेक्टर-3, लेले मैदान के पास, तिलकवाड़ी में गणेश मंदिर के पास, मंडोली रोड, आयुष अस्पताल के पास, चोगुलेवाड़ी स्थित वैक्सीन डिपो, यूनियन बैंक के प्रथम गेट के पास, मंडोली रोड पर वायुसेना मैदान के पास, चोगुलेवाड़ी का प्रथम क्रॉस, बंद रेलवे फाटक के सामने, भंडार गली, महाद्वार रोड पर यश अस्पताल के पास, राजाराम मार्ग के चौथे क्रॉस पर प्लॉट नंबर 251, चिदंबर नगर, महाबलेश्वर नगर में प्लॉट नंबर 106, हिंडलगा गणपति मंदिर के पीछे, भाग्यनगर के छठे क्रॉस में अंजलि मुतगेकर के निवास के सामने, सोनार गली, वडगांव कॉर्नर और महाद्वार रोड का चौथा क्रॉस भी सूची में शामिल बताए गए हैं।

