जनसुनवाई में बैग और बुजुर्ग की लाठी तक बाहर रखवाई:छतरपुर में सुरक्षा के नाम पर सख्ती; कांग्रेस ने विरोध किया, SDM बोले- सुधार होगा

जनसुनवाई में बैग और बुजुर्ग की लाठी तक बाहर रखवाई:छतरपुर में सुरक्षा के नाम पर सख्ती; कांग्रेस ने विरोध किया, SDM बोले- सुधार होगा

छतरपुर में हर मंगलवार होने वाली जनसुनवाई में सुरक्षा के नाम पर सख्ती की गई है। कलेक्टोरेट और जिला पंचायत के सभा कक्ष में फरियादियों के बैग, पर्स और जरूरी फाइलें भी बाहर रखवाई गई। खोंप गांव की दो स्कूली छात्राओं रक्षा साहू और श्वेता यादव के बैग को भी अंदर नहीं ले जाने दिया गया। उनके बैग में किताबें और लंच बॉक्स थे। इसी तरह, ग्राम बूढ़ा निवासी 72 वर्षीय दुर्गा प्रसाद यादव की लाठी भी अंदर ले जाने की इजाजत नहीं मिली। इस सख्ती से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि यह अधिकारियों का आदेश है। मामले पर एसडीएम ने व्यवस्था में सुधार की बात कही है। वहीं, कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। जरूरी दस्तावेजों की फाइलें बाहर रखने से परेशानी
अपनी शिकायतों और समस्याओं से जुड़े दस्तावेज लेकर आने वाले लोगों को भी फाइलें बाहर रखने के लिए कहा जा रहा है। फरियादियों का कहना है कि आवेदन के साथ जरूरी कागजात होते हैं, जिन्हें अधिकारियों के सामने पेश करना पड़ता है। ऐसे में फाइलें बाहर रखवाने से उन्हें परेशानी होती है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य लोगों के लिए यह व्यवस्था असुविधाजनक साबित हो रही है। SDM बोले- ऐसी सख्ती की जानकारी नहीं
इस मामले में छतरपुर एसडीएम आरएल बागरी ने कहा कि उन्हें इस तरह की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा किया जा रहा है तो यह गलत है। व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और आगे से जनसुनवाई में इस तरह की सख्ती नहीं बरती जाएगी। जनसुनवाई में आने वाले सभी लोग सम्माननीय हैं। उन्हें अपनी समस्याएं और बात बेहिचक अधिकारियों के सामने रखने का अधिकार है। कांग्रेस ने कहा- ऐसी जनसुनवाई का क्या मतलब?
कांग्रेस जिला महासचिव लोकेन्द्र वर्मा ने जनसुनवाई में आम लोगों के साथ इस तरह के व्यवहार पर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के नाम पर की जा रही अनावश्यक सख्ती बेबुनियाद है। जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है, न कि उन्हें प्रवेश के दौरान परेशान करना। उन्होंने सांकेतिक विरोध जताते हुए चेतावनी दी कि यदि आगामी मंगलवार से भी इसी तरह की सख्ती बरती गई तो कांग्रेस विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *