हिसार पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले रूप नगर निवासी आरोपी सूरज को गिरफ्तार किया है। सीआईए मिल गेट टीम ने उसे महाबीर कॉलोनी से पकड़ा। तलाशी में उसके पास से एक 315 बोर की पिस्तौल और 14 कारतूस मिले। एचटीएम थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीआईए मिल गेट प्रभारी जगदीश ने बताया कि टीम महाबीर कॉलोनी में गश्त कर रही थी। उन्हें सूरज के पास अवैध हथियार होने की जानकारी मिली। सूचना पर टीम ने कार्रवाई कर सूरज को पकड़ा और पिस्तौल व कारतूस जब्त कर गिरफ्तार किया। रिमांड पर लेकर की जाएगी पूछताछ पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान उससे हथियार खरीदने और रखने के कारण के बारे में पूछताछ होगी। मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशों पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई हो रही है। पुलिस ने साफ किया कि अवैध हथियार रखना, खरीदना-बेचना और इस्तेमाल करना कानून के खिलाफ है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।

