नहर बाईपास के ब्लाइंड स्पॉट पर ब्रेकर का काम शुरू:पानीपत के इस चौक पर ढाई साल में हो चुकी है आठ की मौत, अब जागे अधिकारी

नहर बाईपास के ब्लाइंड स्पॉट पर ब्रेकर का काम शुरू:पानीपत के इस चौक पर ढाई साल में हो चुकी है आठ की मौत, अब जागे अधिकारी

पानीपत में नहर बाईपास पर वार्ड-19 की गली नंबर-13 के खतरनाक मोड़ पर आखिरकार ब्रेकर बनाने का काम शुरू हो गया है। दैनिक भास्कर डिजिटल पर ब्लाइंड स्पॉट की समस्या और यहां लगातार हो रहे हादसों का मुद्दा उठाए जाने के बाद मंगलवार को नगर निगम और पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का मुआयना किया और जेसीबी लेकर पहुंचे अमले ने ब्रेकर बनाने का काम शुरू कराया। यहां वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए ब्रेकर बनाने के साथ रिफ्लेक्टर भी लगाए जाएंगे। ये मुद्दा सड़क सुरक्षा समिति के पदाधिकारी संदीप जिदंल ने उठाया और जिला प्रशासन से यहां ब्रेकर बनवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उपायुक्त के आदेशों पर निगम के साथ पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची। निगम टीम ने आसपास सफाई कराई और पीडब्ल्यूडी ने ब्रेकर बनवाने का काम शुरू कराया। उन्होंने कहा कि आगे भी शहर में ऐसी कहीं परेशानी होगी तो सड़क सुरक्षा समिति की टीम हर वक्त सहयोग के लिए मौजूद रहेगी। स्थानीय निवासी प्रमोद छिल्लर ने इस मोड़ पर पिछले करीब ढाई साल में आठ लोगों की मौत होने का दावा किया था। चार दिन पहले इसी स्थान पर सड़क हादसे में निजी स्कूल की महिला टीचर शीतल की जान चली गई थी। इसके बाद भी सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए थे। अब हादसों के बाद शुरू हुई कार्रवाई से लोगों को उम्मीद है कि इस मोड़ पर दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा। महिला टीचर की मौत के बाद भी नहीं जागे थे जिम्मेदार नहर बाईपास का यह मोड़ देशवाल चौक से जुड़ता है। यहां सड़क पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी वजह से यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। चार दिन पहले महिला टीचर शीतल स्कूटी पर निजी स्कूल में पढ़ाने जा रही थीं, तभी स्कूल बस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता को बताया था आदतन छिल्लर ने मुख्यमंत्री विंडो पर भी शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे यह कहते हुए निपटा दिया गया कि वह आदतन शिकायतकर्ता हैं। छिल्लर का कहना था कि उन्होंने जिंदगी में पहली बार शिकायत दी थी, ऐसे में उन्हें आदतन शिकायतकर्ता कैसे बता दिया गया? सड़क सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों ने भी उठाया मुद्दा मंगलवार को नगर निगम और पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। सड़क सुरक्षा समिति के पदाधिकारी संदीप जिदंल भी मौके पर पहुंचे और ब्रेकर बनाने का काम शुरू कराया। जेसीबी की मदद से निर्माण कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों की ओर से यहां रिफ्लेक्टर लगाने की भी बात कही गई है, ताकि वाहन चालकों को मोड़ का पहले से पता चल सके और वे रफ्तार कम कर सकें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *