विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक खंड की सीटों पर हो रहे चुनाव में 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विधान परिषद चुनाव के मतदाताओं के लिए 23 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया है। नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खण्ड स्नातक के 05 एवं खण्ड शिक्षक के 06 निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर, 2026 को मतदान होगा। लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी के खण्ड स्नातक तथा लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद, गोरखपुर-फैजाबाद के खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य के ऐसे सभी कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय स्नातक हैं तथा संबंधित खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रामाणिक (Bonafide) मतदाता हैं, उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु मतदान (दिवस 23 अक्टूबर 2026) पर विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया गया है।

