लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में नंदना क्रॉसिंग के पास एक सड़क हादसे में 66 साल की महिला की जान चली गई। महिला अपनी भतीजी की गोद भराई के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। सड़क पार करते समय लखनऊ की ओर से आ रही एक अज्ञात चार पहिया गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान माल निवासी ममता मिश्रा के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, ममता मिश्रा अपनी भतीजी की गोद भराई में शामिल होने के लिए माल से भिठौली स्थित एक लॉन जा रही थीं। उनके साथ उनकी बहू कीर्ति और बेटी रचना भी थीं। नंदना क्रॉसिंग के पास सड़क पार करते समय अज्ञात चार पहिया गाड़ी ने ममता मिश्रा को टक्कर मारी। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

