भारतीय मुस्लिम मंच ने बसपा को समर्थन दिया:मायावती को पांचवीं बार सीएम बनाने का ऐलान, कहा- मुसलमानों के लिए 100 काम किए

भारतीय मुस्लिम मंच ने बसपा को समर्थन दिया:मायावती को पांचवीं बार सीएम बनाने का ऐलान, कहा- मुसलमानों के लिए 100 काम किए

भारतीय मुस्लिम मंच ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को समर्थन देने का ऐलान किया है। सोमवार को प्रयागराज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मुमताज़ आलम रिजवी ने कहा कि संगठन बसपा प्रमुख मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तन, मन और धन से काम करेगा। उन्होंने कहा कि मायावती सरकार ने अपने कार्यकाल में मुस्लिम समाज के लिए 100 काम किए थे, जिनके आधार पर मंच बसपा का समर्थन कर रहा है। डॉ. मुमताज़ आलम रिजवी ने भाजपा और समाजवादी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों और मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 तक रही समाजवादी पार्टी की सरकार में दंगे हुए और मुस्लिम समाज की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी का समर्थन किया, लेकिन वह भाजपा को सत्ता से बाहर नहीं कर सकी। ऐसे में अब मुस्लिम समाज बसपा को समर्थन देने की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, भाजपा को हराने के लिए बसपा ही प्रभावी विकल्प है। डॉ. रिजवी ने बसपा की वर्ष 2007 से 2012 तक की सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि मायावती के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था बेहतर थी और दंगों पर नियंत्रण रहा। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान मुस्लिम मंत्रियों को महत्वपूर्ण विभाग दिए गए, मुस्लिम बहुल बस्तियों में प्राथमिक स्कूल खोले गए और अल्पसंख्यक आयोग का गठन किया गया। उन्होंने उर्दू, अरबी व फारसी विश्वविद्यालय की स्थापना, माइनॉरिटी फाइनेंस कॉरपोरेशन, हज हाउस के निर्माण, 350 मदरसों को अनुदान और मुस्लिम बच्चियों को छात्रवृत्ति देने जैसे कार्यों का भी जिक्र किया। डॉ. मुमताज़ आलम रिजवी ने कहा कि भारतीय मुस्लिम मंच 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा के समर्थन में अभियान चलाएगा और मायावती को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक कर बसपा के पक्ष में एकजुट करना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *